Tuesday, 28 May 2013

ये मेरा जीवन है

ये मेरा जीवन है
जिसको मैंने जिया है
अनुभव रस का एक प्याला
जिसको मैंने पिया है

उठाना, चलना , गिर जाना
और गिरकर फिर उठ जाना
बचपन ने ही सिखा दिया था
जीवन मंच का ताना बाना
गिरने को ठहराव मानना
न उठने को बहकाव
सरल तरंगगति में बह जाना
विपरीत गति मिलते टकराव
इसी सोच को सोचा मैंने
इसी पर आधारित कर्म किया है
ये मेरा जीवन है… 

फिर समाज में प्रवेश लिया
जीवन ने सबसे मिलवाया
दुःख देखे और दुखी हुआ
सुख पाकर मन मुस्काया
ये दोनों पूरक है परस्पर
किसी एक का अस्तित्व नहीं
सुख के बिना दुःख है अधूरा
बिना दुःख के सुख का महत्त्व  नहीं
गूंड रहस्य जीवन का है ये
इसको मैंने पहचान लिया है
ये मेरा जीवन है… 

शत्रु मित्र की परिभाषा भी
मैंने जीवन से सीखी है
अनुभव से जाना मानव चित्त
वस्तु (जीवन )ये गुरुग्रंथ सरीखी है
हम श्रेष्ठतम रचना उस
रचनाकार विधाता की
रंग रूप अनेक सही पर
परिभाषा हम एकता की
ज्ञान इस जटिल व्यवस्था का
इसी जीवन से मैंने लिया है
ये मेरा जीवन है जिसको मैंने जिया है 



एक और बार

एक और बार 
वो सिंह की दहाड़ 
वो सर्प की फुंकार 
वो कृष्ण का गीता सार 
वो राम का दानव संहार 
रक्त छल्छलित धरती करती हाहाकार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार 

वेदना माँ की आँखों की 
शिशुओं का करुण  क्रंदन 
मस्तक ओजित लाल रंग 
कर जोड़ कर रहा वंदन 
दो दंड अब होकर प्रचंड 
तुम शिव तांडव का हो प्रहार 
तेरी जननी का तेरे समक्ष नितदिन हो रहा बलात्कार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार 

हम कोटि इकाई वो मुट्ठी भर 
फिर भी  जाते हम डर 
कहा गया वो शोर्य तुम्हारा 
माँ के दूध में रही कहाँ कसर 
रच महाभारत की नयी गाथा 
बन कृष्ण क्रांति का सूत्रधार 
प्रति पल चीर हरण की दुखिता 
तेरी माँ फिर करे पुकार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार 

वो अधर्म का नग्न नृत्य 
तू पवित्र और धर्मोचित कृत्य
वो वहशीपन का साक्षात् रूप 
तू सत्य शिव सुन्दर स्वरुप 
तोड़ धैर्य के इस बाँध को और हो जाने दे आर पार 
यज्ञाहुतियों का भागी बन प्राणदान का कर सत्कार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार 

क्यूँ  बाँध रखा मन को अपने 
प्रतिकार से क्यों हिचकता है 
आला उधल का वंशज तू
 क्यों आँखे भींचे सिसकता है 
तू वही रक्त वही ताप है तुझमें 
तू कर सकता है चमत्कार 
हर हर महादेव के स्वर में मिल जाने दे ओंकार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार 

एक और बार ले अंगड़ाई 
तू तरुणाई की चौखट पर 
बन महाकाल विध्वंश मचा 
इस घोर कलि की आहाट पर 
तू भीष्म पितामह का गौरव 
गांडीव प्रत्यंचा की टंकार 
भुला फल तू कर्म कर अपना ले गीता सार 
एक और बार , एक और बार,  एक और बार